महायज्ञ के लिए 101 कन्याओं ने निकाली कलश यात्रा
क्षेत्र के केदारपुर गांव से सोमवार को रूद्र महायज्ञ के लिए भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी। बाजे-गाजे के साथ 101 कन्याएं सिर पर कलश रखकर दुर्वासा धाम से जल लेकर यज्ञ मंडप पर पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलशों की स्थापना कर महायज्ञ का शुभारंभ किया गया।
अहरौला क्षेत्र के केदारपुर गांव स्थित शिव मंदिर पर रूद्र महायज्ञ के लिए सोमवार को निकलने वाले कलश यात्रा के लिए भक्तों का रेला लग गया। मंदिर परिसर से सुबह 101 कन्याएं सिर पर कलश रखकर यात्रा निकाली। उनके आगे-आगे बाजे-गाजे के साथ श्रद्धालुओं का रेला चलने लगा। कलश यात्रा केदारपुर गांव से विभिन्न रास्तों से होते हुए दुर्वासा धाम पर पहुंची। जहां कन्याओं ने पवित्र नदी से कलशों में जल लेकर वापस बस्ती भुजवल होते हुए यज्ञ मण्डप पर पहुंची। इस दौरान भक्तों के जयकारों से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। यज्ञ मण्डप पर यज्ञाचार्य प्रदीप पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि विधान पूर्वक 101 कलशों की स्थापना किये। इसके बाद रूद्र महायज्ञ का शुभारंभ हो गया। यज्ञ आयोजनकर्ता पंडित मुकेश चौबे ने कहाकि महायज्ञ 24 फरवरी से शुरू होकर एक मार्च तक चलेगा। इसमें प्रतिदिन विद्वान ब्राह्मणों द्वारा प्रवचन भी किया जायेगा। इस मौके पर प्रधान अंगद चौबे, जयशंकर पांडे, उग्रसेन चौबे, कालिका चौबे, रामधनी चौबे, राजेश चौबे, पंडित दिनेश शास्त्री, दयाराम शास्त्री, योगेंद्र चौबे, अमित मिश्रा, पंकज चौबे आदि मौजूद रहे।